सीहोर। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सतीश चंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय अनुसूचित जाति उत्कृष्ट कन्या छात्रावास सीहोर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यकम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुकेश कुमार दांगी के द्वारा संविधान दिवस आयोजन के इतिहास एवं पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ भीमराव अम्बेडकर के जीवन के कुछ यादगार संस्मरणों को बताया गया। साथ ही डाक्टर अम्बेडकर द्वारा किये गये संघर्ष एवं समाज के उत्थान एवं संविधान के निर्माण में उनके अहम योगदान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही केरियर गाइडेंस देते हुए न्यायाधीश बनने, सिविल सर्विसेस आदि की प्रक्रिया एवं तैयारी के बारे में भी बताया गया।
तृतीय जिला न्यायाधीश अभिलाष जैन द्वारा छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को गुड टच- बेड टच के बारे में बताते हुए किसी भी गलत कार्य के लिए आवाज उठाने एवं स्वीकार के बजाय उसका प्रतिकार करने की बात छात्राओं से कही गई।