सतना। विधानसभा निर्वाचन 2023 की मतगणना 3 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यकंट क्रमांक-1 सतना में की जायेगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने मतगणना के दिन सारणीयन, प्रारुप 20 अंतिम परिणाम पत्रक (राउंडवार एवं मतदान केंद्रवार), निर्वाचन की विवरणी (प्रारुप 21‘ड’), 21‘ग’, 21‘सी’ से संबंधित कार्यों के लिये जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी आरके कछवाह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नोडल अधिकारी की सहायता के लिये जिला प्रबंधक लोक सेवा गारंटी रितुराज मिश्रा को सहायक नोडल एवं विधानसभावार सहायक अधिकारियों-कर्मचारियों की नियुक्ति की है। नियुक्त सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि मतगणना दिनांक को गणना कक्षा से प्राप्त प्रारुपों को एक्सेल सीट में तैयार करायेंगे। इसके साथ ही प्राप्त प्रारुप की प्रत्येक प्रविष्टि का मिलानकर संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने नियुक्त सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को 29 नवंबर को अपरान्ह 2 बजे से संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के सभाकक्ष में आयोजित मतगणना परिणाम पत्रक से संबंधित प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।