मनासा। मनासा थाना अंतर्गत पुलिस चौकी कंजार्डा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया हैं। पुलिस ने मामले में तीन को आरोपी बनाया है, इनमें से एक बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव गोदना का रहने वाला है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 24 नवंबर को कंजार्डा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एमओ डॉक्टर सुरेंद्र पटेल ने चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें बताया कि 23-24 नवंबर की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झोपड़िया कंजार्डा के चैनल गेट का ताला खोलकर अस्पताल में लगे चार सीसीटीवी कैमरे डीवीआर तथा डिस्प्ले एलिडी चुरा ली हैं। अस्पताल के पास के कमरे में सौर ऊर्जा की करीब 36 बैटरियों को चोरी करने की नीयत से तोड़ दिया। सूचना के आधार पर चौकी पर रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने तफ्तीश के लिए दो टीमों का गठन किया।
विवेचना के दौरान कंजार्डा चौकी प्रभारी ने आरोपियों की धर पकड़ के लिए दो टीम बनाकर रवाना किया। इस दरमियान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झोपड़िया कंजार्डा परिसर में रहने वाले बैतूल जिले के आकाश पिता सुखदेव गुजरे 27 साल को चौकी पर लाकर पूछताछ की। आकाश ने घटना स्वीकारते हुए साथी योगेश उर्फ बापू पिता कैलाश व्यास निवासी बड़ा बघेल मनासा तथा नीरज रावत निवासी जूनासाथ मनासा के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना बताया। आरोपी आकाश गुजरे व योगेश उर्फ बाबू व्यास को गिरफ्तार किया। उनसे सीसीटीवी कैमरे, डिस्प्ले एलइडी अन्य सामान जप्त किया। दोनों को 25 नवंबर को न्यायालय में पेश किया। वहीं साथी नीरज रावत की तलाश जारी है।