विदिशा। विदिशा जिले की पांचों विधानसभाओं में संपन्न हुए विधानसभा आम निर्वाचन में हुए मतदान उपरांत मतों की गणना -3 दिसंबर को शासकीय आदर्श महाविद्यालय जाफरखेड़ी में की जाएगी।
जिले की पांचों विधानसभाओं के ईव्हीएम एवं डाक मतों की गणना कार्य कुल 83 टेबल पर 300 से अधिक कर्मचारियों द्वारा की जाएगी जबकि मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। शासकीय आदर्श महाविद्यालय जाफरखेड़ी की 100 मीटर की परिधि में सुरक्षा का घेरा रहेगा, जिसमें दो सैकड़ा से अधिक जवान तैनात होंगे।
हाल ही में मतगणना अधिकारियों के प्रथम चरण के प्रशिक्षण का कार्य पूर्ण हुआ है, जिसमें गणना पर्यवेक्षक व गणना सहायकों को इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन से मतगणना करने की बारीकियां सिखाई गई है।साथ ही माइक्रो आब्जर्वर ने भी प्रशिक्षण में मौजूद रहे।
कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम के मतों की गिनती के लिए 14-14 गणना टेबल लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक, एक गणना सहायक व एक माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे। इस प्रकार डाक मत पत्रों की गिनती के लिए लगाई जाने वाली हर टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक, दो गणना सहायक व एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। इस प्रकार डाक मत पत्र की टेबल पर चार अधिकारी नियुक्त होंगे।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में गत 17 नवंबर को डाले गए मतों की गिनती 3 दिसंबर की प्रातः 8 बजे से शासकीय आदर्श महाविद्यालय परिसर जाफरखेड़ी में शुरू होगी। मतगणना के लिए विधानसभा क्षेत्रवार एक-एक मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। हर कक्ष में 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। इस प्रकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 14 टेबलों पर ईवीएम के मतों की गणना का काम संपादित होगा।