खरगोन। सोमवार को स्थानीय गुरुद्वारे में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कीर्तन दिवान के उपरांत लंगर की सेवा की गई।
श्री गुरु सिंघ सभा के अध्यक्ष सरविन्दर सिंह भाटिया ने बताया कि सोमवार को सिक्खों के प्रथम श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सिक्ख संगत ने स्थानीय गुरुद्वारे में श्रद्धा भाव के साथ गुरु पर्व को मनाया। इस अवसर पर सिक्ख संगत के साथ साथ नगर के गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य सामाजिक संगठनों ने गुरुद्वारा पहुंच कर कीर्तन श्रवण किया और लंगर प्रसादी ग्रहण की।
श्री गुरु सिंघ सभा के सचिव मनप्रीत सिंह भाटिया ने बताया कि आज इस अवसर पर विशेष कीर्तन दिवान सजाए गए जिसमें मुख्य रूप से पटियाला से पधारे राग्गी जत्थे के जसविंदर सिंह ने संगत को गुरु जस श्रवण कराया। इसी प्रकार शाम को भी सच खंड श्री हुजूर साहब नांदेड़ के किशोर सिंह संगतों को कीर्तन कथा श्रवण कराएंगे। रात को पुर्ण समाप्ति के बाद श्री दशमेश सेवा सोसाइटी संगत के लिए मिष्ठान्न प्रसाद की सेवा करेगी। अंत में भव्य आतिशबाजी करके श्री गुरु नानक देव महाराज जी के प्रकाश पर्व को मनाया जाएगा।
कार्यक्रम में समिति के सचिव सतविंदर सिंह भाटिया ने सभी संगत का आभार माना। इस अवसर पर सिक्ख समाज की महिलाओं के साथ सिक्ख युवक जत्था, बच्चे और सभी वरिष्ठ समाजजनो की उपस्थिति रही।