खरगोन। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में आज 28 नंवबर को टीएल समयसीमा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समय सीमा संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करने के साथ-साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेएस बघेल, अपर कलेक्टर लक्ष्मी गामड़ सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफिसर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सर्वप्रथम विधानसभा चुनाव-2023 के मतगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि मतगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ करना है और सभी कर्मचारियों को निष्पक्ष होकर अपने जिम्मेदारी का निर्वहन करना है। निर्वाचन के इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए।
बैठक में उप संचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के महाप्रबंधक को निर्देशित किया गया कि जिले में किसानों के लिए उर्वरक की कमी न होने दें। किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक सुगमता से प्राप्त हो इसके पुख्ता इंतजाम किये जाएं। इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि निजी व्यापारी किसानों से उर्वरक की अधिक दाम ना लें और किसानों को अमानक स्तर का उर्वरक ना मिले। अधिकारी नियमित रूप से उर्वरक के नमूने गुणवता जांच के लिए एकत्र करें।
बैठक में आगामी 10 नवंबर को होने वाले पल्स पोलियो अभियान के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए टीकाकरण दल का गठन कर चिन्हित शत प्रतिशत बच्चों को पोलियो निरोधक दवा की खुराक पिलाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की चर्चा करते हुए जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट की सूची लेकर उन स्थानों पर सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके। बैठक में सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि इन प्रकरणों को गंभीरता से लें और उन पर तुरंत कार्यवाही करें। इसी प्रकार सेवानिवृत्त हो चुकें कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए।