खरगोन विधानसभा चुनाव-2023 के अंतर्गत 17 नवंबर को मतदाताओं द्वारा डाले गये मतों की गणना 03 दिसंबर 2023 को पीजी कॉलेज खरगोन में की जाएगी। मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष बनाए गए हैं और प्रत्येक कक्ष में मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-181 भीकनगांव के 266 मतदान केन्द्रों की मतगणना 19 राउंड में पूरी होगी। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-182 बड़वाह की 249 मतदान केन्द्रों की मतगणना 18 राउंड, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-183 महेश्वर के 250 मतदान केन्द्रों की मतगणना 18 राउंड, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-184 कसरावद के 253 मतदान केन्द्रों की मतगणना 19 राउंड, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-185 खरगोन के 255 मतदान केन्द्रों की मतगणना 19 राउंड एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-186 भगवानपुरा के 268 मतदान केन्द्रों की मतगणना 20 राउंड में पूरी होगी।
पीजी कॉलेज खरगोन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतदान के उपरांत ईव्हीएम कड़ी सुरक्षा में रखी गई है। लगभग 150 सीसी टीवी कैमरों की मदद से स्ट्रांग रूम में रखी ईव्हीएम के सुरक्षा की निगरानी की जा रही है। राजनैतिक दलों एवं प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी पीजी कॉलेज में लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर ईव्हीएम की सुरक्षा व्यवस्था देख रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कर्मवीर शर्मा द्वारा दिन में दो बार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।