रतलाम। आज बुधवार को गुजरात स्वीट्स से लेकर जूनियर रेलवे इंस्टीट्यूट तक फोरलेन से बिजली के पोल सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शटडाउन लेकर शिफ्ट किए जाएंगे। इसके चलते लक्ष्मणपुरा फीडर, बीमा हॉस्पीटल फीडर, वरदान नगर फीडर से जुड़े सखवाल नगर, रंग कारखाना, जवाहर नगर, जनता कॉलोनी, पीएंडटी कॉलोनी, सैलानायार्ड, डाउन यार्ड, लक्ष्मणपुरा शिखा बार, न्यू अलकापुरी,आंबेडकर नगर, चंबल कॉलोनी, गांधीनगर, ग्लोबसकॉलोनी, ओल्ड ग्लोबस कॉलोनी की बिजली बंद रहेगी।
उधर, विनोबा नगर के जानलेवा पोल पर कलेक्टर ने नगर निगम कमिश्नर और बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री को नोटिस थमाया तो यह पांच घंटे में ही शिफ्ट कर दिया गया। रविवार की रात को इसी पोल से शिवनगर निवासी बनेसिंह (30) पिता शिवसिंह की बाइक टकरा गई थी।
गंभीर घायल को निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटरपर रखा गया। सिर में चोट होने पर ऑपरेशन किया गया। बाईं आंख में गंभीर चोट होने से ऑपरेशन के लिए घायल को परिजन सूरत ले गए हैं। कलेक्टर ने बैठक लेकर शहर में हादसे को न्योता देने वाले सभी बिजली के पोल सप्ताहभर में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि दोनों विभागों को बुलाकर जानकारी ली थी। अधिकारियों को शहर की जितनी भी सड़कों पर इस तरह पोल लगे हैं, उन्हें एक सप्ताह में शिफ्ट करने के लिए कहा है। नहीं हटे तो कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम संजीव केशव पांडे ने विनोबा नगर में बीच सड़क पर लगे पोल के कारण हुए हादसे के चलते नगर निगम को धारा 133 में न्यूसेंस फैलाने का नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।