नरसिंहपुर। जिले के गोटेगांव में एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अब तक की पूछताछ में पुलिस ने प्रेम प्रसंग में हत्या करने का मामला बताया है।
घटना गुरुवार देर रात सिंधी कॉलोनी में शीतल धर्मशाला के पास की है। पुलिस के मुताबिक 22 साल की काजल साहू जबलपुर से काम कर गोटेगांव अपने घर लौट रही थी। रेलवे स्टेशन से निकलकर कुछ ही दूर पैदल चली थी कि 23 साल के देवेंद्र नाम के युवक ने उसके सिर में गोली मार दी और फरार हो गया। लोगों ने काजल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
शुक्रवार को युवती के शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। वहीं युवती के परिजन न्याय की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन भी दिया।युवती के भाई का कहना है कि आरोपी ने हमारी बहन की जान ली है, उसे फांसी की सजा दी जानी चाहिए। युवती की मां का कहना है कि आरोपी उनकी बेटी को दो साल से परेशान कर रहा था। बेटी ने कई बार शिकायत की थी। अब उससे जान ही ले ली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी की तलाश की गई। उसे रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीओपी भावना मरावी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। आरोपी से पूछताछ की जी रही है।
युवती के भाई का कहना है कि हमारी बहन को न्याय चाहिए। उसने हमारी बहन की हत्या की है, तो उसे भी फांसी की सजा मिलनी चाहिए। सबसे पहले उसका घर तुड़वाया जाए। जैसे हर जगह सबसे पहले आरोपी का घर तोड़ा जाता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, तो उसका हम क्या करें। हमें तो न्याय चाहिए।
युवती के परिजन आकाश का दावा है कि हमने विधायक महेंद्र नागेश को शिकायत करने के लिए फोन किया, तो जवाब मिला कि मैं मीटिंग में हूं। इनके लिए किसी की मौत से बड़ी मीटिंग है। आकाश ने कहा कि हमारे घर की बेटी को सरेराह गोली मार दी गई। कल ये लोग किसी के साथ कुछ भी कर सकते हैं। हमारी मांग है कि आरोपी को फांसी की सजा हो और उसका घर तोड़ दिया जाए। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होगी हम नहीं उठेंगे।