रतनगढ़। सिंगोली तहसील के रतनगढ़ थानांतर्गत ग्राम नारदा निवासी एक युवती के साथ गुरुवार सुबह बकरियां चराने जंगल गए युवक की लाश पेड़ से लटकी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फेल गई। वहीं युवती का अभी तक कोई पता नहीं चला है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लिया हैं और आगे की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार युवक का नाम श्यामलाल बताया गया है, जो सिंगोली के करीबी गांव मेघनिवास का रहने वाला था, और कुछ दिनों से अपने मामा के पास नारदा में रह रहा था।
गुरुवार सुबह वह अपनी ममेरी बहन के साथ बकरियां चराने जंगल गया था। शाम को बकरियां तो लौट आई लेकिन वे दोनों देर रात तक घर नहीं लौटे। जिसके बाद परिजनों ने जंगल में दोनों की तलाश की। काफी तलाशी के बाद युवक का शव एक पेड़ से लटका मिला, जबकि युवती का कहीं पता नहीं चला। ऐसे में परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
रतनगढ़ पुलिस ने देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु शासकीय हॉस्पिटल के मुर्दाघर में रखवाया। आज शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंपकर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने फिलहाल युवती के मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।