रतलाम। नई दिल्ली से परिजनों के साथ रतलाम आकर होटल में रुकी युवती के नहाते वक्त वीडियो बनाने की कोशिश में वेटर को युवती ने देख लिया। युवती के शोर मचाने पर मामला उजागर हुआ और वेटर को पकड लिया गया। वेटर की जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले किया है।
पुलिस के अनुसार नई दिल्ली निवासी एक युवती की नौकरी रतलाम में लगी है। युवती को रतलाम में ज्वाइन कराने के लिए उसकी मां और भाई उसके साथ रतलाम आए थे। इन लोगों ने रतलाम के डाट की पुलिया स्थित सागर होटल में रुम बुक किया था। ये लोग मंगलवार को ही रतलाम पंहुचे थे। बुधवार दोपहर रूम नंबर 306 में रुकी युवती जब बाथरूम में नहा रही थी तो उसे कुछ आवाज आई। उसने बाथरूम के वेंटिलेशन की ओर देखा तो कोई उसका वीडियो बनाने का प्रयास कर रहा था। युवती का शोर सुनते ही उसका भाई और मां ने वीडियो बना रहे वेटर को रंगे हाथों पकड लिया। होटल के दूसरे स्टाफ को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होने भी वेटर की जमकर धुलाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड पुलिस थाने का बल भी मौके पर पंहुचा। वेटर को फौरन थाने ले जाया गया। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी वेटर नरेन्द्र सिंह पिता घनश्याम सिंह निवासी ग्राम इटावा जिला उज्जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।