मंदसौर। आबकारी विभाग में पदस्थ एसआई वैभव ठाकुर पर उन्हीं के विभाग की एक महिला आरक्षक ने शुक्रवार को छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया है। महिला थाना प्रभारी अनुराधा गिरवाल ने जांच के बाद आरोपी एसआई के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 19 दिसंबर को पुलिस को आवेदन दिया था। इसमें पीड़िता ने बताया की एसआई वैभव ठाकुर उस पर बुरी निगाह रखता है। पीड़िता के दिए आवेदन के अनुसार दिनांक 10 दिसंबर को एसआई उसे विभागीय कार्य के लिए गरोठ ले गए थे इस दौरान एसआई वैभव ठाकुर में शराब के नशे में गलत बाते करते हुए छेड़छाड़ की कोशिश की थी। तब अधिकारियों को शिकायत की बात कहने पर एसआई ने दूसरे दिन माफी मांग ली थी।
इसके तीन चार दिन बाद एसआई ने पीड़िता को एक कार्रवाई के सिलसिले में लिए नाहटा चौराहा बुलाया और साथ ले गए यहां भी आरोपी एसआई ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की, विरोध करने पर आरोपी ने कॅरियर बर्बाद करने की धमकी दी। पीड़िता ने एसआई की हरकतों की बात आपने पति को बताई इसके बाद पीड़िता में महिला थाना पुलिस को एक शिकायती आवेदन देते हुए एसआई द्वारा बुरी नजर रखने, छेड़छाड़ करने के आरोपों लगाते हुए शिकायती आवेदन दिया। मामले में महिला थाना प्रभारी अनुराधा गिरवाल को जांच सौंपी गई। जिसमें महिला आरक्षक के लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर आरोपी एसआई वैभव ठाकुर के खिलाफ धारा 354, 354(ए)(1)(2), 354(डी),506, 342 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मामले में एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि आबकारी विभाग में पदस्थ एसआई वैभव ठाकुर के खिलाफ महिला आरक्षक ने शिकायत दर्ज करवाई है। एसआई अभी फरार है, गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।