नीमच। आराध्य देव अग्रसेन महाराज सनातन संस्कृति के प्रेरणा स्रोत है। इस संस्कृति को परिचय सम्मेलन के आयोजन के माध्यम से अग्रवाल समाज और अधिक भव्यता प्रदान कर रहा है। उपनगर बघाना में आयोजित परिचय सम्मेलन में लघु भारत के दर्शन हो रहे हैं। यह बात विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अखिल भारतीय अग्रवाल युवक युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन मे कही।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि यह परिचय सम्मेलन नई ऊंचाइयां छू रहा है। आपाधापी वाली जिंदगी में इस प्रकार का परिचय सम्मेलन रचनात्मक कार्य है। अतिथि के रूप में मौजूद उद्योगपति विष्णु बिंदल ने कहा कि विवाह संबंध बनाने में रंग, हाइट, स्टेटस पर ध्यान देने की बजाय रिश्तों के प्रति वचनबद्धता पर ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर अग्र चयनीय पुस्तिका का विमोचन किया गया। दो दिवसीय परिचय सम्मेलन के आखिरी दिन युवक-युवती प्रत्याशियों ने मंच पर आकर अपना परिचय उत्साह के साथ दिया।
कार्यक्रम में संजीव अग्रवाल दिल्ली, आर वी गोयल, कमल गर्ग, गोपाल जीजी, राजेंद्र गर्ग पप्पी सर, गिरीश गोयल, कमलेश्वर, सुरेश सिंघल, पुरुषोत्तम गर्ग, संतोष चोपड़ा आदि मौजूद रहे। परिचय सम्मेलन में समन्वय कुंडली मिलान आदि समुचित व्यवस्थाएं बेहतरीन ढंग से की गई। कार्यक्रम में शामिल अतिथियों का शाल और स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत अभिनंदन किया गया।