खंडवा। जिले में गुरुवार देर रात एक आदिवासी युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपने भाई के साथ शहर के राजेंद्र नगर में किराए के मकान में रहती थी। पुलिस ने शव बरामद कर जिला अस्पताल भेजा, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम हुआ। एमए फायनल ईयर की छात्रा ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। सुसाइड के पीछे प्रेम-प्रसंग की वजह बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार ज्योति उईके (25) एसएन कॉलेज में एमए फायनल ईयर की छात्रा थी। वह पंजाब कॉलोनी, राजेंद्र नगर क्षेत्र में अनिल मालवीय के मकान में किराए से रहती थी। गुरुवार दोपहर के समय कमरे में दुपट्टे से फांसी लगा ली। भाई अभिषेक उसी के पास रहकर सायबर पर कम्प्यूटर सीखने जाता था। अभिषेक का कहना है कि दोपहर के समय भोजन के लिए आया तो बहन को आवाज लगाई थी, लेकिन वो कमरे से बाहर नहीं आई। पंखा चल रहा था इसलिए मैंने सोचा कि वो सो रही होगी, इसलिए जगाया नहीं।
मकान मालिक ने दी परिजनों को सूचना-
इधर, युवती के परिवार वालों ने मकान मालिक पर जानकारी छिपाने और हत्या का आरोप लगाया है। पिता कुंवरसिंह उईके और मां नीमा उईके शासकीय सेवक है। उन्होंने बताया कि हमारी बेटी बहुत हंसमुख थी, सुबह ही फोन पर हमारी बात हुई थी। वो ऐसा नहीं कर सकती, उसने सुसाइड किया है तो मकान मालिक ने हमें सूचना क्यों नहीं दी। भाई अभिषेक ने बताया कि हम 3 महीने पहले ही किराये से रहने आए थे।
प्रेम प्रसंग की आशंका-
मौके से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। 25 वर्षीय छात्रा के सुसाइड के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला होना बताया जा रहा है। बताते है कि जिस युवक से प्रेम-प्रसंग था, उस युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसी बात से ज्योति ने हताश होकर जान दे दी। इधर, कोतवाली टीआई बलरामसिंह राठौर का कहना है कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट जब्त किया है, नोट में लिखे तथ्यों के आधार पर जांच करेंगे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया है।