चित्तौड़गढ़। एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चक्कर में एक 14 साल के लड़के की हत्या कर दी। आरोपी ने ये कदम मृतक की बहन से शादी करने के लिए उठाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कबूल किया है कि वो लड़के को रास्ते से हटाकर उसकी बहन से शादी करना चाहता था। मामला चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी का है।
बड़ी सादड़ी थानाधिकारी रायसल सिंह ने जानकारी दी कि 07 जनवरी को अचलपुरा भेरूखेड़ा गांव के रहने वाले 50 साल के डाडमचंद ने अपने 14 साल के बेटे घनश्याम के अपहरण और हत्या का मामला दर्ज करवाया था। डाडमचंद ने बताया कि 06 जनवरी को उसका बेटा अचलपुरा गांव के स्कूल मैदान में ही पतंग उड़ाने गया था। शाम तक वो वापस नहीं लौटा। उन्होंने जब तलाश किया बच्चों ने बताया कि दो लोग उसे बाइक पर बैठाकर ले गए। डाडमचंद ने तलाश जारी रखी। शाम को वो सोमपुर के रास्ते पहुंचे तो पाया कि सरसों के खेत के बाहर पाली पर घायल अवस्था में उसका बेटा घनश्याम पड़ा था, जिसको वो बड़ीसादड़ी सीएचसी ले गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थानाधिकारी रायसल सिंह ने बताया कि डाडमचंद की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी। उन्होंने टीम गठित कर पूरे मामले में बारीकी से जांच की। एफएसएल टीम चित्तौड़गढ़ की भी मदद ली गई। परिवार की कॉल डिटेल्स भी खंगाली गई। हर पहलू का गहनता से विश्लेषण किया गया। इस पूरे मामले में 28 साल के विष्णू दास नाम की शख्स की भूमिका संदिग्ध पाई गई। विष्णु पिछले एक साल से उनके परिवार के साथ नजदीकी रिश्ते में था।
पुलिस ने विष्णु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कबूल कर लिया कि उसने ही घनश्याम का कत्ल किया है। इस पूरी वारदात में 25 साल के कैलाश मेघवाल नाम के शख्स ने विष्णु की मदद करना पाया गया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी घनश्याम की बहन से शादी करना चाहता था। वहीं घनश्याम को रास्ते से हटाकर उसके पिता की जायदाद भी हथियाना चाहता था।
इस कार्रवाई के दौरान थाना अधिकारी रायसल सिंह शेखावत, सहायक उप निरीक्षक झामेश्वर सिंह, हेड कांस्टेबल साइबर राजकुमार, कांस्टेबल रोहिताश, बहादुर सिंह, सुरेंद्र सिंह, रुपाराम, जेठाराम, रामूलाल, अंबाराम, महिला कांस्टेबल सुमित्रा भी शामिल रहे।