राजगढ़ । नगर के मोहनीश उर्फ मोनू सोलंकी की अधजली लाश कल्याणपुरा में मिलने के बाद नगर में सनसनी फैल गई। गुरुवार शाम को कल्याणपुरा पुलिस ने शव को स्वजन सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद स्वजन एंबुलेंस से शव को लेकर शाम करीब साढ़े सात बजे नगर के पुराना बस स्टैंड पहुंचे। करीब पौन घंटे तक एंबुलेंस पुराना बस स्टैंड स्थित आदर्श मार्ग पर खड़ी कर स्वजन ने जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलते ही राजगढ़ एवं सरदारपुर पुलिस के साथ एसडीओपी आशुतोष पटेल मौके पर पहुंचे और स्वजन से चर्चा की।
मृतक की बुआ ने बताई यह बात
मृतक की बुआ मालती चौहान ने आरोपित का घर तोड़ने की मांग करते हुए कहा कि छह माह पहले रंजिश के तहत आरोपित द्वारा मोहनीश को जान से मारने की नीयत से एक्सीडेंट किया गया था। तीन माह पूर्व उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसकी पुलिस को सूचना भी गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आरोपित के निवास पर फेंके पत्थर
तीन दिन से लापता मोहनीश की गुमशुदगी थाने पर दर्ज कराने पर पुलिस द्वारा आनाकानी की गई। स्वजन को आश्वासन देते हुए एसडीओपी पटेल ने कहा कि मामले को लेकर निष्पक्ष जांच कर आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद स्वजन सहित अन्य लोग जवाहर मार्ग पहुंचे। यहां आरोपित के निवास की शटर पर पत्थर भी फेंके गए। इस दौरान लोगों द्वारा नारेबाजी भी की गई।
एक घंटे तक चला विरोध प्रदर्शन
करीब एक घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद स्वजन वहां से हटे। इस संबंध में एसडीओपी पटेल ने बताया कि मामले को लेकर गोधरा पुलिस जांच कर रही है। रतलाम में शव का पोस्टमार्टम होने के बाद झाबुआ पुलिस द्वारा शव को स्वजन को सौंपा गया। मामले में जो भी आरोपित के नाम सामने आएंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। राजगढ़ थाना प्रभारी संजय कुमार रावत, सरदारपुर थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना पुलिस बल के साथ तैनात थे।