गांधीसागर। एक पिता ने अपनी चार साल की बेटी को गांधीसागर चंबल नदी में फेंक दिया। सोमवार को पत्नी से विवाद के बाद वह छोटी बेटी को साथ लेकर गया था। उसने बेटी को गांधीसागर डैम के सामने पुल से नदी में फेंक दिया। मंगलवार सुबह जब वह घर लौटा तो पत्नी को बेटी नहीं दिखाई दी। जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल गोताखोरों की टीम बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।
मंदसौर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि आरोपी रघुनंदन मीणा ने पूछताछ में अपनी चार साल की बेटी को चंबल नदी में फेंकने की बात कबूल की है।
मामला भानपुरा थाना क्षेत्र का है। यहां कोटड़ी टैंक के रहने वाला रघुनंदन मीणा का अक्सर पत्नी से विवाद होता रहता था। पत्नी उसे छोड़कर जाने की धमकी देती थी।
प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी को पत्नी के चरित्र पर संदेह था। सोमवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपी रघुनंदन अपनी 04 साल की सबसे छोटी बेटी चेतना को साथ लेकर चला गया था और गांधीसागर डैम के यहां चंबल नदी में मासूम को ऊपर से फेंक दिया।
फ़िलहाल एनडीआरएफ की टीम और गोताखोर चंबल नदी में लगातार बालिका की तलाश कर रहे हैं।