बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर से पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में मानवेंद्र सिंह, उनका बेटा हमीर सिंह और ड्राइवर घायल हो गए हैं। हादसा मंगलवार शाम 5 बजे अलवर के नौगांवा के पास खुसपुरी (हरियाणा बॉर्डर) में हुआ। घायलों को अलवर के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मानवेंद्र सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में विदेश मंत्री रहे जसवंत सिंह के बेटे हैं।
मानवेंद्र सिंह के बेटे हमीर सिंह के हाथ और नाक में फ्रैक्चर हुआ है। पूर्व सांसद के सीने की पसली टूटी है। फेफड़े में भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी का इलाज शुरू कर दिया गया है। मानवेंद्र भाजपा से सांसद बने थे, अब वे कांग्रेस में हैं।
अलवर के एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह ने बताया कि हादसा करीब 5 बजे हुआ। कार में ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे, सभी दिल्ली से जयपुर आ रहे थे। कंट्रोल रूम पर फोन से हादसे की सूचना मिली थी कि रसगन से खुसपुरी के बीच कार का एक्सीडेंट हो गया है।
हालांकि अभी तक हादसा कैसे हुआ ये जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार स्पीड में थी, जो सड़क के नीचे उतर गई। इसके बाद डिवाइडर पार करते हुए दीवार से टकरा गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने ड्राइवर को बड़ौदामेव के सरकारी हॉस्पिटल ले गए।
हादसे में ड्राइवर का पैर भी फ्रैक्चर हो गया, जिसे शाम 7 बजे बाद अलवर के हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। एएसपी ने बताया कि बाकी लोगों की हालत खतरे से बाहर है।