नीमच। शहर के उपनगर बघाना में 24 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्धावस्था में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका का नाम मुस्कान पिता रशीद मोहम्मद बताया जा रहा है। परिजनों ने आशंका जाहिर करते हुए न्याय की मांग की है। मुस्कान का पीहर बाग पिपलिया में है। उसकी शादी बघाना हनुमान नगर के सलीम मंसूरी से डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। सलीम मंसूरी की एक पत्नी और है।
परिजनों द्वारा घटना के बारे में दी गई जानकारी के अनुसार पति सलीम ने रशीद मोहम्मद को फोन करके बताया कि आपकी बेटी मुस्कान की तबीयत खराब है। वह बेहोश स्थिति में है। मैं बाहर हूं। मुस्कान को अस्पताल ले जाओ। सूचना पाते ही पिता रशीद मोहम्मद बघाना पहुंचे। वहां सलीम भी मौजूद था। मुस्कान के पिता रशीद ने देखा कि मुस्कान के गले में काले कपड़े का फंदा लगा हुआ है। वह पलंग पर पड़ी है और शरीर पर कपड़ा ढका हुआ है। मुस्कान को तुरंत चौधरी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ना मिलने पर उसे जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां डॉक्टर ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिवारजन पूरे मामले को लेकर आशंकित है।
मुस्कान के पिता और भाई का कहना है कि पूरा मामला संदिग्ध है। मुस्कान की हत्या हुई है। बताया यह भी जा रहा है की मुस्कान के परिजनों की शिकायत पर पुलिस सलीम से पूछताछ कर रही है।