नीमच। समाजसेवी अशोक अरोरा के ऊपर रविवार को हुए हमले के बाद जिले में फिर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया हैं। जहां मंगलवार सुबह जमीन मामले को लेकर बंशी गुर्जर पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। गंभीर घायल बंशी गुर्जर को मनासा शासकीय अस्पताल लाया गया। जहां से उसे श्रीराम हॉस्पिटल नीमच लाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना मनासा थाना अंतर्गत गांव बड़कुआं की हैं।
बंशी गुर्जर को नीमच इलाज के लिए लाए उनके मित्र पप्पू सांवलिया ने बताया कि जमीन विवाद के सुलह के लिए इदरीस पठान और उसके परिवार वालों ने गांव नलवा निवासी बंशी गुर्जर पिता रामलाल गुर्जर उम्र 38 वर्ष को मंगलवार सुबह 08.30 बजे घर बुलाया था। जैसे ही बंशी गुर्जर मौके पर पहुंचा तो घात लगाए इदरीस और उसके परिवार वालो ने धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। बंशी गुर्जर को खून में लथपथ हालत में महागढ जा रहे दिनेश चौधरी ने देखा तो वे उसे मनासा के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से बंशी गुर्जर को गंभीर घायल होने पर नीमच रेफर कर दिया गया। नीमच श्रीराम हॉस्पिटल में हमले में घायल बंशी गुर्जर का इलाज किया हैं।