चित्तौड़गढ़। ब्रह्मा कुमारीज प्रताप नगर सेवा केंद्र पर माउंट आबू से आए राज योगी बीके चंद्रेश भाई ने शाश्वत योगिक खेती के फायदे बताएं और कहा कि हम सामाजिक रूप से सशक्त गांव कैसे बनाएं। मूल्य पर आधारित शिक्षा और समाज बनाने का प्रयास ब्रह्मा कुमारीज की तरफ से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मानसिक सशक्तिकरण और शारीरिक सशक्तिकरण कैसे किया जाए, स्वस्थ गांव कैसे बने।
उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ कैसे लें यह बताया और कहा कि आज गांव के अंदर संस्कारों की गरीबी आ चुकी है, शराब पीने के लिए गुटखा खाने के लिए पैसे तो हैं। लेकिन बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए अच्छी परवरिश देने के लिए उनके पास पैसे नहीं है। उन्होंने बताया कि हम सब एक पिता के बच्चे हैं परमात्मा के बच्चे हैं इस तरह की वसुदेव कुटुंबकम की भावना रखें और हमारा गांव आत्मनिर्भर बने, गांव के सर्वांगीण विकास के लिए ब्रह्माकुमारी संस्था मिलकर काम कर रही है। उन्होंने बताया की शुरुआत स्वच्छता से होनी चाहिए स्वच्छ गांव बनाने के लिए हरित गांव बनाने के लिए हमें अपने मन के विचारों को भी शुद्ध बनाना होगा।
जहोदा के सरपंच श्याम भाई ने बताया कि कैसे गांव के विकास के लिए माता बहनों को आत्मनिर्भर बनाया जाए स्वयं सहायता समूह द्वारा नई-नई तकनीक द्वारा उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। रिलायंस फाउंडेशन के अरविंद गौतम भाई संस्था के साथ मिलकर इस योजनाओं में पूर्ण रूप से अपना योगदान दे रहे हैं। इस कार्यक्रम में प्रधान देवेंद्र कवर ने भी आश्वासन दिया कि हम भी सभी ग्राम के सरपंचों को इन सारी और योजनाओं का लाभ दिलाएंगे और इन योजनाओं से जुड़कर सभी की सहायता अवश्य करेंगे और अपना पूरा योगदान देंगे। कार्यक्रम में उपस्थित आशा दीदी ने सभी मेहमानों का पुष्प गुच्छ साफा पहनाकर सम्मान किया और सभी का आभार प्रकट किया। अंत में शिवली दीदी ने मेडिटेशन कराया।