चित्तौड़गढ़। 30 जनवरी को कस्बा बड़ीसादड़ी में कृषि उपज मंडी के मुनीम से दिनदहाड़े 09 लाख रुपये लूट के मामले में बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 8,10,500 रूपये व घटना के बाद फरार होने में उपयोग में ली गयी मोटरसाईकिल को बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड लिया था।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि कस्बा बड़ीसादड़ी में किसानों को फसल खरीद की राशि भुगतान हेतु एसबीआई बैंक से 9 लाख रुपये नगद लेकर कृषि उपज मंडी जा रहे फर्म के मुनीम से दिनदहाड़े लूट के मामले का खुलासा करते हुए बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने 03 फ़रवरी को चार आरोपियों पप्पूसिंह, विनोद वैष्णव, शंकरसिंह मीणा, व शम्भूलाल रावत को गिरफ्तार किये गये थे। जिन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमाण्ड लिया जाकर अनुसंधान किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा सुनियोजित योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया हैं। अनुसंधान के दौरान आरोपियों द्वारा लूटे गये रूपयो का आपस में बंटवारा किया गया था। पुलिस ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के 72 घंटे में ही 8,10,500 रूपये, बैग व घटना के बाद फरार होने मे उपयोग में ली गयी मोटरसाईकिल बरामद की हैं।