रतलाम। जिले के बाजना के इमलीपाड़ा खुर्द के जंगल में सोमवार सुबह 22 वर्षीय महिला के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फे गई। सूचना पर पुलिस व एफएसल टीम मौके पर पहुंची। महिला गुरुवार को अपने मायके जाने के लिए ससुराल से निकली ली। लेकिन वह नहीं पहुंची और उसका अब जंगल में शव मिला।
महिला की पहचान प्रमिला पति भरत डोडियार निवासी चंद्रगढ़ झोली तहसील बाजना के रूप में हुई। महिला को उसका पति भरत व रिश्तेदार मनोज ने गुरुवार दोपहर 2 बजे बाजना हॉस्पिटल के करीब इमलीपाड़ाखुर्द जाने के लिए छोड़ा था। इमलीपाड़ा बाजना से तीन किमी दूर है। लेकिन वह घर नहीं पहुंची। रविवार को इमलीपाड़ा खुर्द निवासी मृतिका के पिता के पास ससुराल से फोन आया और प्रमिला के आने की जानकारी दी। लेकिन उन्होंने मना किया कि अभी तक बेटी घर नहीं आई। सुबह पता चला कि गांव के ही जंगल में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। तब गांव वाले व परिजन भी पहुंचे तो पिता ने अपनी बेटी का शव होना स्वीकारा। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां शव का पीएम होगा।
मेडिकल कॉलेज में मृतिका के पिता राणाजी पिता धाराजी ने बताया कि बेटी की शादी दो माह पहले 15 दिसंबर को हुई है। बेटी को जब छोड़ा तो चांदी के करीब तीन किलो के आभूषण जिनमें कड़िया, बाली व अन्य गहने पहन रखे थे। जो कि शव मिलने के दौरान नहीं थे। मेडिकल कॉलेज में मृतिका के ससुर रकमा पिता लुंजा निवासी चंद्रगढ़झोली व अन्य रिश्तेदार भी मौजूद रहे। मृतिका के पति के फूफा मनोज ने बताया कि भरत व हम प्रमिला के साथ गुरुवार को बाजना आए थे। अस्पताल के बाहर मायके जाने के लिए छोड़ा था। भरत की दूसरी शादी प्रमिला से हुई है।
शव मिलने की सचूना पर बाजना पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर प्रमोद राठौड़, रतलाम से एफएसएल अधिकारी डॉ अतुल मित्तल भी पहुंचे और मौका मुआयना किया। लेकिन आसपास कोई संदिग्ध रूप से कुछ नहीं मिला। एफएसएल अधिकारी मित्तल के अनुसार शव डेढ़ से दो दिन पुराना है। शव की चमड़ी पूरी तरह से सड़ चुकी है। शव के पास पानी की एक बॉटल भी पाई गई है। फिलहाल पीएम व जांच के बाद घटनाक्रम स्पष्ट हो पाएगा।