नीमच। सिटी थाना अंतर्गत फोरलेन स्थित ग्रीन होटल के पास बरूखेड़ा तालाब के यहां शाम 04.45 बजे के करीब ऑल इंडिया बायसाइकल टूर पर निकले हुए एक 32 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्रत्यक्ष दर्शियों की सूचना के आधार पर 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकत्सालय लाया गया है।
साइकिल पर लगी तख्ती पर साइकिल सवार का नाम पंचानन कलिता है। तख्ती पर युवक की फोटो भी लगी है। उस पर लिखा है ऑल इंडिया बायसाइकिल टूर विदाउट मनी। इसी आधार पर यह भी जानकारी सामने आई है कि युवक ने 1 अगस्त 2023 से यात्रा प्रारंभ की है। यात्रा का उद्देश्य रक्तदान, वृक्षों के संरक्षण और शराब पीकर वाहन ना चलाने को लेकर जन जागरूकता फैलाना है। युवक असम के ढुबरी, बिलासीपरा का रहने वाला है। पंचानन निंबाहेड़ा की तरफ जा रहा था। नीमच के जिला चिकित्सालय में पंचानन का इलाज जारी है।