निम्बाहेड़ा। श्री अंबिका माता सेवा समिति के तत्वावधान में 16 से 22 फरवरी तक आयोजित होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान गंगा महोत्सव की तैयारियों पूरी हो चुकी हैं।
श्री अंबिका माता सेवा समिति अध्यक्ष चेन सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तम स्वामी जी के मुखारविंद से 16 फरवरी 2024 शुक्रवार से श्रीमद् भागवत कथा की ज्ञान गंगा प्रवाहित होगी जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को प्रातः 9.15 बजे से स्टेशन रोड स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर से विशाल कलश एवं शोभा यात्रा प्रारंभ होगी जो नगर के मोती बाजार हनुमान मंदिर, मारू एंपोरियम, चित्तौड़ी दरवाज़ा, पंचोली चौराहा, बस स्टैंड परिसर के बाहर से इंदिरा कॉलोनी चौराहा होते हुए कासोद दरवाजा होकर अंबा माता मंदिर परिसर पहुंचेगी। जिसमें सैकड़ो की संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं मंगल कलश धारण किए रहेगी।
समिति अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर मंदिर परिसर में स्थित श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा कथा स्थल पर 17 फरवरी से प्रातः 8 बजे से 11.30 बजे तक प्रतिदिन सहस्त्र चंडी पाठ एवं नौ कुंडली हवन का भी आयोजन किया जा रहा है उक्त हवन में क्षेत्र वासी एक दिन पूर्व पंजीयन कराकर जोड़े से निशुल्क सम्मिलित हो सकते हैं।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि 16 से 22 फरवरी तक दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक प्रतिदिन आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव में 16 फरवरी शुक्रवार से कथा का प्रारंभ होगा, 17 फरवरी शनिवार को प्रथम स्कंद, 24 अवतार नारद संवाद, 18 फरवरी रविवार को सुखदेव आगमन, ध्रुव चरित्र, अजामिल एवं प्रहलाद कथा, 19 फरवरी सोमवार को गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्री राम जन्म, कृष्ण जन्म एवं नंदोत्सव, 20 फरवरी मंगलवार को श्री कृष्ण बाल लीला एवं गोवर्धन पूजा, 21 फरवरी बुधवार को कंस वध, मथुरा गमन एवं रुक्मणी विवाह, 22 फरवरी गुरुवार को सुदामा चरित्र परीक्षित मोक्ष के साथ ही कथा विश्राम एवं पूर्णाहुती व महाप्रसादी का आयोजन रहेगा।
उक्त आयोजन के साथ ही रात्रि के समय भी विशेष आयोजन होंगे। जिसके अंतर्गत 19 फरवरी रात्रि 08 बजे राजस्थानी संस्कृतिक कार्यक्रम, 20 फरवरी रात्रि 08 बजे हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हास्य कवि गोपाल धुरंधर पालसोड़ा, कानू पंडित नाथद्वारा, विष्णु विश्वास भोपाल, सुश्री प्रिया ठाकुर उज्जैन, रजनीश रफू चक्कर छोटी काशी मध्य प्रदेश, विजय सिंह विद्रोही श्री रोकडिया हनुमान जी प्रतापगढ़ अपनी हास्य रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। इसी क्रम में 21 फरवरी रात्रि 08 बजे श्री खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें कृतिका मालवीय इटारसी, जीतू धोरा रतलाम, अखिलेश ठाकुर निंबाहेड़ा एवं महेश टॉक निकुंभ अपनी भजन प्रस्तुतियां देंगे साथ ही 22 फरवरी को महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी महाराज के निर्देशन में श्री अंबिका माता मंदिर पर स्वर्ण कलश एवं ध्वजारोहण दोपहर 12.20 बजे आयोजित होगा तद उपरांत सायं 04.30 बजे से मां अंबिका की इच्छा तक महाप्रसादी का आयोजन मंदिर परिसर में किया जाएगा।
श्री अंबिका माता सेवा समिति निंबाहेड़ा द्वारा क्षेत्र के सभी धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं से उक्त श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव में प्रभु दर्शनार्थ अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आव्हान किया गया है।
श्री अंबिका माता मंदिर परिसर में समिति अध्यक्ष चैन सिंह चौहान, आयोजन के मुख्य आचार्य राजेश जोशी, कैलाश भारद्वाज, मनोज शर्मा, अखिलेश मराठा, मनोज चौहान, मदन कुमावत, सतीश कुमार, शोभाराम जाट, दशरथ वासु सहित समिति के गणमान्य सदस्य तैयारियों को पूर्ण करने में जुटे हुए हैं।