भोपाल। गुप्त नवरात्र के चलते भोपाल स्थित मंदिरों व घरों में आदि शक्ति की विशेष पूजा-उपासना की जा रही है। इसी कड़ी में संत हिरदाराम नगर में वेदांत संत लाल साईं महाराज के टेंपल ऑफ संबोधि में भजन-कीर्तन, संगीत साधना व कई अनुष्ठान किए जा रहे हैं। यहां कलश स्थापना के साथ अखंड ज्योत प्रज्जवलित की गई है।
नवरात्र के छठवें दिन गुरुवार को आयकर कॉलोनी कोटरा के बगलामुखी माता मंदिर में भी सुबह व शाम को हवन व देवी मंत्रों का जाप किया गया। संत लाल साईं ने बताया कि गुप्त नवरात्र में नियमित रुप से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी माता की पूजन व विभिन्न साधनाएं करने आ रहे हैं। दोनों मंदिरों में अष्टमी व नवमी पर विशेष हवन व महा आरती और प्रसाद वितरण होगा।