चीताखेड़ा। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूरी पर दक्षिण दिशा की ओर चीताखेड़ा में स्थित देवनारायण मंदिर के लिए किंवदंती है कि यति द्वारा इस मंदिर को डेढ़ हजार वर्ष पूर्व देव शक्ति से उड़ाकर लाया गया। पुरातत्व की दृष्टि से चीताखेड़ा की ये अतिप्राचीन धरोहर अपना इतिहास समेटे हुए है। इस अलौकिक मंदिर में लोकदेवता भगवान श्री देवनारायण की दिव्य प्रतिमा स्थापित है। जिनका जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बड़े ही ठाट-बाट से मनाया जा रहा है।
भगवान श्री देवनारायण जी का गुरुवार को रात्रि में विशेष अभिषेक किया गया। इसी के साथ मंदिर पर माघ शुक्ल छट को यज्ञ हवन पूजन किया गया। इस अवसर पर आज 17 फरवरी 2024 शनिवार रात्रि 8.30 बजे प्रसिद्ध भजन गायक जगदीश वैष्णव एण्ड पार्टी के कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक शानदार भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।
उपरोक्त जानकारी श्री देवनारायण मंदिर पुजारी कन्हैयालाल माली ने देते हुए बताया है कि चीताखेड़ा गांव के देपालपुर माली मौहल्ले में स्थित अतिप्राचीन भगवान श्री देवनारायण बड़ा मंदिर पर देवनारायण भगवान का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। आमजन एवं दानदाताओं के आर्थिक सहयोग से आज शनिवार को भव्य भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं। भजन संध्या के पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। भगवान के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाया गया है। कार्यक्रम की सारी रस्में पूरी कर ली गई है।