बड़वानी। नर्मदीय ब्राम्हण समाज ने भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। साथ ही विपुल चतुर्वेदी को भी नर्मदीय ब्राम्हण समाज का युवा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मां नर्मदा के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार शाम को शहर में नर्मदीय ब्राम्हण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शहर के मोटीमाता चौराहा से शुरू हुई शोभायात्रा एमजी रोड, रणजीत चौक, झंडा चौक, कचहरी रोड, कोर्ट चौराहा होते हुए बस स्टैंड से राजघाट रोड स्थित नर्मदीय ब्राम्हण समाज धर्मशाला पहुंची। जहां महाआरती कर महाप्रसादी बांटी गई।
शोभायात्रा में मां नर्मदा की आकर्षक झांकी सजाई गई थी, जिसमें माता की प्रतिमा विराजित थी। बैंडबाजे के साथ संगीतमय माहौल में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में मां नर्मदा के जयकारों की गूंज चारों ओर सुनाई दी। वहीं समापन के बाद युवाओं की सर्वसम्मति से विपुल चतुर्वेदी को नर्मदीय ब्राम्हण समाज के युवा अध्यक्ष के रूप में मनोनयन किया गया है।