नीमच। शहर के उप नगर बघाना के वार्ड नंबर 40 में जैसे ही वॉइस आफ एमपी की टीम पेयजल संकट पर वार्डवासियों से चर्चा करने पहुंची तो उपस्थित महिलाओं और पुरुषों का नगरपालिका की व्यवस्थाओं पर गुस्सा फूट पड़ा।
वार्डवासियों ने बताया कि हमारे क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शनों का अंबार है। जल सप्लाई के नाम पर नगरपालिका का प्रबंधन पूरी तरह नाकारा साबित हो रहा है। पेयजल संकट की गंभीर समस्या पर नगर पालिका हंसी खेल कर रही है। कभी चार दिन तो कभी पांच दिन में पानी आता है। वार्ड में लगे हुए हैंडपंप पूरी तरह जाम पड़े हुए हैं। पानी सप्लाई करने का कोई समय निर्धारित नहीं है। व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस वार्ड में मंडी में काम करने वाले लोग भी रहते हैं।
उन्होंने कहा कि जब काम से शाम को लौटते हैं तो नहाने धोने के लिए पानी की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है। अफसोस है कि पानी की बूंद बूंद को हम तरस जाते हैं। टैंकर के लिए वार्डवासियों की आवाज नक्कारखाने में तूती के समान साबित हो रही है। पार्षद प्रतिनिधि ने भी हमारे कैमरे के सामने स्वीकार किया कि पेयजल समस्या पर कोई सुनने वाला नहीं है। हालात बदतरीन है। अब जरूरी हो गया है कि नीमच के पेयजल संकट पर जिला प्रशासन स्वयं संज्ञान ले।