नीमच। शहर में प्रचंड गर्मी के इस मौसम में फ्रिज, एसी, कूलर, टैंकर और मटकियों की मांग चरम पर है। भीषण गर्मी से बचाव के लिए आमजन को सबसे ज्यादा आवश्यकता भी इन्हीं चीजों की महसूस हो रही है। एसी, कूलर और मटकियों की खपत इतनी ज्यादा है कि मार्केट में मांग की तुलना में पूर्ति में अभाव की स्थिति निर्मित हो गई है। पानी के टैंकरों की बुकिंग बहुत ज्यादा बढ़ जाने से समय पर टैंकर संचालकों के लिए पानी पहुंचाना संभव नहीं हो पा रहा। बुकिंग के बाद दो से तीन दिन में पानी पहुंचाया जा रहा है। व्यापारियों और जानकारों द्वारा बताया गया कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में एयर कंडीशन और कूलरों की जमकर बिक्री हुई। पानी के टैंकर संचालकों ने भाव बढ़ा दिए हैं। जबकि एसी, कूलर और मटकी के मूल्यों में अत्यधिक मांग के बावजूद कोई खास फर्क नहीं पड़ा। मटकिया तीन-तीन बार लोगों ने खरीदी। मटकी का पानी पीने के चहेतों की संख्या में वृद्धि हुई है। एक खास बात यह नजर आई कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी एसी के प्रति लोगों का रुझान बड़ा है।