उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर से श्रावण महिने में बाबा महाकाल सवारी के रूप में दूसरे सोमवार 29 जुलाई को नगर भ्रमण करेंगे। जिला प्रशासन व मंदिर प्रशासन ने दूसरी सवारी के साथ चलने वाले लाईव दर्शन के ट्रक में अब चार एलईडी लगाई है,जिसके माध्यम से चार दिशाओं से श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन हो सकेंगे। सवारी में जनजातीय समुदाय के दो दल नृत्य की प्रस्तुति देंगे। वहीं 350 पुलिस जवानों का विशेष बैंड भी शामिल होगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर से श्रावण-भादो महिने में निकलने वाली सवारी के क्रम में 29 जुलाई को भगवान श्री महाकालेश्वर की दूसरी सवारीनिकलेगी। इसमें पालकी में भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर के स्वरूप में और हाथी पर श्री मनमहेश के स्वरूप में विराजित होंगे। मंदिर में सांय चार बजे पूजन अर्चन के बाद सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना होगी। मन्दिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजमान भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी जाएगी। भगवान श्री महाकालेश्वर की पालकी मन्दिर से निकलने के बाद महाकाल रोड, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी से होती हुई रामघाट पहुंचेगी। जहां शिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मन्दिर, सत्यनारायण मन्दिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्रीचौक, गोपाल मन्दिर, पटनी बाजार, गुदरी बाजार से होती हुई पुनरू श्री महाकालेश्वर मन्दिर पहुंचेगी।
लाईव दर्शन के लिए चार एलईडी लगाई-
महाकाल मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को सहज दर्शन के लिए पहली सवारी के दौरान ट्रक पर दो एलईडी लगाई गई थी। दूसरी सवारी में परिवर्तन करते हुए अब ट्रक पर चार एलईडी लगाई है। जिसमें दांय-बांय साईट 8 बाय 14 की दो, पीछे की ओर 6 बाय 8 और आगे की ओर 6 बाय 4 इंच की एलईडी रहेगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को चारों दिशाओं से लाईव दर्शन हो सकेंगे। वहीं भगवान के मुखौटे के दर्शन के साथ ही सवारी के पहले छोर से अंतिम छोर तक का प्रसारण भी होगा। इसके अलावा यूट्यूब लिंक के माध्यम से लाईव दर्शन की व्यवस्था भी रहेगी।
भारिया, बैगा जनजातीय का दल और पुलिस बैंड की प्रस्तुति होगी-
भगवान महाकाल की सवारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप जनजातीय कलाकारों के दल को भी शामिल किया जा रहा है। दूसरी सवारी के दौरान भारिया जनजातीय का भड़म नृत्य दल के 30 सदस्य और बैगा जनजातीय का करमा नृत्य दल के 30 सदस्य पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति देते हुए चलेंगे। इसके साथ ही सवारी में प्रस्तुति देने के लिए भोपाल पीएचक्यू से 350 जवानों का विशेष पुलिस बैंड भी शामिल हो रहा है।