मंदसौर। जिले में पिछले 24 घण्टों में सवा 3 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है। जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 14.23 इंच तक पहुंच गया है। हालांकि आज सुबह से बारिश थमी हुई है। मौसम जानकारों ने आज भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिले में अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 15 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग, भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, मानसून ट्रफ लाइन ग्वालियर से सीधी होकर जा रही है, जो आगे लो प्रेशर एरिया में मर्ज हो रही है। बंगाल के ऊपर एक लो प्रेशर भी एक्टिव है। आने वाले दिनों में यह आगे बढ़ेगा। मध्य भारत से जैसे ही यह गुजरेगा, मध्यप्रदेश में बारिश का दौर बनेगा। एक अन्य ट्रफ लाइन भी है, जिसकी एक्टिविटी 31 जुलाई से देखने को मिल सकती है। स्ट्रॉन्ग सिस्टम की वजह से प्रदेश में फिर भारी बारिश होगी। 29-30 जुलाई को तेज बारिश का अलर्ट नहीं है।
दो दिन की बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें-
जिले में पिछले दो दिनों में हुई बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी थी। शामगढ़, सुवासरा, सीतामऊ, गरोठ क्षेत्र में नदी नाले उफान पर आ गए थे। शामगढ़ क्षेत्र के छायन गांव के निकट नाला पार कर रहा 60 वर्षीय किसान शिव सिंह बहाव में बह गया। एसडीआरएफ की टीम तालाशी में जुटी हैं।
जिले में कहां-कितनी बारिश
ओवरऑल अब तक जिले में 361.5 एमएम औसत बारिश दर्ज की गई है।
मंदसौर- 217 एमएम
सीतामऊ- 350 एमएम
सुवासरा- 546 एमएम
गरोठ - 412 एमएम
भानपुरा - 358 एमएम
मल्हारगढ़ -204 एमएम
धुंधडका - 278 एमएम
शामगढ़ - 614 एमएम
संजीत - 357 एमएम
कयामपुर - 330 एमएम
भावगढ़ - 310 एमएम