विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सोथर गांव में श्मशान घाट ना होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में देखा गया कि 70 वर्षीय सुक्को बाई विश्वकर्मा के निधन के बाद ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए धान के खेतों से गुजरकर जाना पड़ा।
बरसात के मौसम में धान के खेतों में से निकलकर अंतिम यात्रा में जाना गांव वालों के लिए एक बड़ी समस्या बन गया है। गांव के निवासियों का कहना है कि लंबे समय से वे श्मशान घाट बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ना तो कोई टीन शेड है और ना ही कोई मुक्तिधाम, जिससे बरसात के मौसम में अंतिम संस्कार करना बहुत मुश्किल हो जाता है।