चित्तौड़गढ़। सावन मास में जहां शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है वहीं शहर के प्रमुख खरड़ेश्वर महादेव मंदिर की आज खरड़ेश्वर सेवा पूजा संस्थान और सर्व समाज द्वारा शाही सवारी निकाली गई। शाही सवारी में शहरवासी उमड़ पड़े और जगह-जगह भगवान महाकाल की आरती कर शाही सवारी का स्वागत किया। शहर के गांधी चौक से शुरु होकर सदर बाजार, गोल प्याऊ, सुभाष चौक होते हुए शाही सवारी खरड़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। जहां भव्य आरती की गई। शाही सवारी निकालने के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई वहीं मार्ग में गुलाब जल का छिड़काव पूरी शोभायत्रा में सभी नगर वासियो पर बरसाया जा रहा था। भोलेनाथ की पालकी को भक्तों ने कंधों पर उठा रखा था। खरडे़श्वर महादेव चांदी के शिवलिंग, छत्र, जलेरी व त्रिशूल के साथ पालकी में विराजे थे।
महाकाल की तर्ज पर खरड़ेश्वर महादेव की शाही सवारी में सजे धजे हाथी -घोड़ों, बैंडबाजों, ढोल नगाडों के साथ सवारी को भव्य बना रहे थे वहीं बड़ी संख्या में भक्त महादेव के भजन गाते हुए नाचते गाते चल रहे थे। खुशनुमा मौसम और हल्की फुआरों के बीच डीजे पर शिव का हूं शिव मेरे है , ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने सारा कैलाश पर्वत मगन हो गया ,शिव समा रहे मुझमे और ॐ नमः शिवाय जैसे भजनो पर पुरुष और महिलाएं झूम कर नृत्य करते हुए चल रहे थे। शाही सवारी गांधी चौक से शुरू हुई शाही सवारी का सदर बाजार , सुभाष नगर ,गोल प्याऊ चौराहे पर विभिन्न संगठनों और व्यापारियों और आमजन ने महादेव की पूजा अर्चना कर पुष्प वर्षा से स्वागत किया। शोभायात्रा में पुरुष सफेद कुर्ते, सिर पर पगड़ी और गले में खड़ेश्वर महादेव के नाम के उपरने पहन कर चल रहे थे। वहीं महिलाएं लाल साडी में शोभायात्रा में सम्मिलित हुई।
गौरतलब है कि गंभीरी नदी के तट पर स्थित खरड़ेश्वर महादेव में सावन माह में भक्तों का सैलाब उमड़ता है और सोमवार को विशेष रूद्राभिषेक के साथ श्रृंगार किया जाता है।
झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
खरड़ेश्वर महादेव की शाही सवारी में झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शिव रूप धरे कलाकार और शिव के भस्मी स्वरूप में नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे जो आम लोगों का ध्यान खींचते रहे।अलग-अलग वाहनों में भगवान शिव पार्वती व राम लक्ष्मण सीता हनुमान जी की झांकियों के साथ चल रही थी।
56 भोग की झांकी सोमवार को
सावन मास के तीसरे सोमवार को खरडेश्वर महादेव मंदिर में 56 भोग का आयोजन किया जाएगा जिसमें श्रद्धालु अपने घर से व्यंजन बनाकर भगवान को भोग धाराएँगे। ये परम्परा विगत तीन वर्षाे से चल रही हैं जहां आमजन और श्रद्धालु अपने आराध्य के लिए अपने घर से शुद्ध और सात्विक भोज और मिठाई अपने घर से बनाकर लाते हैं। इसी दिन शाम को भजनों की गंगा ग्रुप द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में भजन गायक अभिनन्दन काबरा , सुमित हेड़ा , अभिषेक मूंदड़ा , माही जोशी अपने भजनो की प्रस्तुति देंगे।