नीमच। शहर में पोरवाल समाज के चौधरी परिवार द्वारा पवित्र श्रावण मास में नौ दिवसीय शिवगंगा महोत्सव और गंगोज का आयोजन 2 से 10 अगस्त तक किया जा रहा है। इस अवसर पर आज एक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें पोरवाल समाजजन और चौधरी परिवार के सदस्य शामिल हुए।
शोभायात्रा जवाहर नगर स्थित योगेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर आयोजन स्थल गोमाबाई रोड स्थित सीएसवी अग्रोहा भवन पहुंची। शोभायात्रा में भक्ति गीतों की धुन और ढोल नगाड़ों की थाप पर समाज के महिला पुरुषों ने जमकर नृत्य किया। ताशा पार्टी ने शोभायात्रा में अपनी प्रस्तुतियां दी। इस दौरान जमकर पुष्प वर्षा की गई।
आयोजकों से मिली जानकारी के अनुसार 9 दिवसीय आयोजन के दौरान वृंदावन से आए कथा वाचक डॉक्टर उमेशचंद्र महाराज द्वारा शिव पुराण कथा का वाचन किया जाएगा। आज गणपति स्थापना होगी। इस दौरान शिव पूजन विधि, सृष्टि वर्णन, संगीतमय सुंदरकांड सतीजन्म, शिवसती विवाह वर्णन और अन्य कार्यक्रम होंगे। 10 अगस्त को हवन होगा।