कंजार्डा। भगवान चारभुजा की नगरी में हरियाली महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। हरियाली अमावस के पूर्व प्रतिदिन हनुमान चौक पर चलित झांकियों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। इसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रोजाना अलग अलग प्रकार की झांकियों का आयोजन किया जा रहा है। भगवान चार भुजा मंदिर पर आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। मंदिर में रोजाना अखंड हरि कीर्तन चल रहा है। प्रतिदिन सैंकड़ों भक्त भगवान के दर्शन का लाभ लेकर प्राकृतिक पर्यटन स्थल झरनेश्वर महादेव का सुखद आनंद ले रहे हैं। आगामी हरियाली अमावस्या को भगवान चारभुजा की भव्य सवारी निकाली जाएगी, जिसकी व्यापक पैमाने पर तैयारियां की जा रही है। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी भगवान चारभुजा नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस भव्य सवारी में बैंड डीजे ढोल होंगे। इस भव्य सवारी के स्वागत के लिए ग्रामीणों द्वारा अपने-अपने स्तर पर तैयारी की जा रही है। पूर्व में भी गली मोहल्ले गुलाल से और फूलों से सराबोर हो गए थे। मंदिर पर दर्शन हेतु समिति एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए कोई अनहोनी ना हो इसलिए प्रशासन ने जगह-जगह कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। मंदिर समिति पंचो ने सभी दर्शनार्थियों से अपील की है कि व्यवस्था में सहयोग करें। ग्राम पंचायत और पुलिस प्रशासन विशेष ध्यान दें कि इस रोज झरनेश्वर महादेव आने जाने वाले पर्यटकों को परेशानी न हो। वाहनों की आवाजाही पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।