नीमच। शहर में स्कीम नंबर 36 स्थित बोहरा कॉलोनी अमाकिने मोहम्मदिया के रोड लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। बारिश में यह कॉलोनी तालाब का रूप ले लेती है और कीचड़ से सन जाती है। कई बार इस बारे में आवाज उठाई गई। हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। कई बार लोग गिरकर घायल हो गए। आज यहां पर फिर एक गंभीर हादसा होते-होते बचा। जर्जर रोड के कारण बालू रेत से भरे ट्रैक्टर की ट्राली पहिया सड़क में धंस गया। ट्रैक्टर पलटी खाते-खाते बच गया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जहां ट्रैक्टर का पहिया धंसा है, वहां नीचे सीवरेज और चौंबर की लाइन जा रही है। यहां पर बच्चे खेलते हैं। ऐसे में अगर ट्रॉली पलटी खा जाती तो कोई भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। करीब 1 साल से अधिक समय पहले कॉलोनी में रोड बनने के लिए प्रस्ताव पारित हो चुका है। यह रोड बोहरा कॉलोनी से आनंद विहार तक बनने थे। स्कीम नंबर 36 बी में भी गिट्टी वाले रोड पर अभी तक डामरीकरण नहीं हुआ। बोहरा कॉलोनी के निवासियों और पार्षद भारत अहीर ने भी कई बार रोड निर्माण का मुद्दा उठाया लेकिन जिम्मेदारों ने अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया।