नीमच। शहर के टाउन हॉल में ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसाइटी जिला यूनिट नीमच द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह और मोटिवेशनल प्रोग्राम का गरिमामय आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि संस्था पर्यावरण संरक्षण जागरूकता के साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी इसी कड़ी में आयोजित कर रही है। इस गरिमामय समारोह में मुस्लिम समाज के कक्षा 5, 8, 10 और 12 के 150 मेघावी छात्र और छात्राओं का सम्मान किया गया। इन विद्यार्थियों ने श्रेष्ठता क्रम में स्थान प्राप्त किया है और 75 प्रतिशत से अधिक अंक वार्षिक परीक्षाओं में अर्जित किए हैं। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा मेघावी छात्र छात्राओं को मोमेंटो और प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।

ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करना है। साथ ही कार्यक्रम के माध्यम से समाज जनों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनों को इंदौर से आए प्रोफेसर असद खान, समाजसेवी किशोर जेवरिया और ज्ञानोदय के शिक्षाविद् मोहम्मद शाहिद कुरैशी ने संबोधित कर बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया। समिति द्वारा अतिथियों और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज जनों का स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में खंडवा से आए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकित खान, डॉक्टर परवेज़ मंसूरी, फिरोज पठान, डॉक्टर जुनैद खान ,डॉक्टर रिजवान, इलियास खान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हमीद अख्तर मंसूरी ने किया।