नीमच। शहर सहित जिलेभर में पिछले दो तीन दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। नीमच जिले में भी दो दिन से हो रही जोरदार बारिश के चलते नदी नालों में उफान आ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में रपट पर बरसात का पानी आने से कई गांवों का संपर्क भी आपस में टूट गया है। ऐसी ही एक तस्वीर नीमच जिले के ग्राम झालरी मेलकी से सामने आई है। जहां रविवार को हुई जोरदार बारिश के चलते रपट पर बारिश का पानी बह निकला। यह पानी सोमवार को भी रपट पर देखा गया। लोगों ने जान जोखिम में डालकर आवागमन किया। नदी का बहाव तेज होने से मिट्टी में भी कटाव हुआ है। इस मिट्टी का जहां कटाव हुआ है वहीं समीप एक बिजली का खंभा भी है, जिसके गिरने की संभावना बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग शासन व जनप्रतिनिधियों से कई बार इस रपट को उंचा करने की मांग कर चुके हैं। लेकिन अभी तक किसी भी जिम्मेदार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। यह स्थिति बारिश की अवधि में प्रतिवर्ष यहां बनती है।