चीताखेड़ा -5 अगस्त। सावन माह के तीसरे सोमवार के अवसर पर अंचल का प्रसिद्ध एक हजार वर्ष पुराना अतिप्राचीन भगवान रामझर महादेव धाम से लेकर अंचल भर के शिव मंदिरों में भक्तों में ऐसा उत्साह छाया की रात तक जयकारा गूंजता रहा हर -हर महादेव........, बम-बम भोले....... ओम् नमः शिवाय......। भगवान श्री रामझर महादेव धाम पर सुबह 5रू00 बजे पट खुलते ही भक्तों का आगमन शुरू हुआ, इसके बाद भक्तों का सैलाब रुका ही नहीं। तीसरे सोमवार के अवसर पर चीताखेड़ा,आसपूरा, जीरन, कराड़िया महाराज सहित करीब 29 से भी अधिक गांव से कावड़ यात्राएं भगवान श्री रामझर महादेव धाम पहुंची। दिन भर शिव भक्तों की कतारे भगवान आशुतोष के दिव्य दर्शन करने हेतु लगी रही। सुबह से देर रात तक एक अनुमान के अनुसार लगभग 20 हजार से भी अधिक भक्तों ने भगवान श्री रामझर महादेव के दर्शन किए।
भगवान श्री रामझर महादेव को शिवभक्तों द्वारा बिल्वपत्रों,दूध, दही, घी, शहद, पंचामृत चढ़ाया और जलाभिषेक कर पूजा अर्चना कर भगवान आशुतोष से क्षेत्र में जोरदार बारिश और अपने परिवार सुख समृद्धि की कामना की। यह क्रम दिन भर चलता रहा। यहां शिव भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। शिव भक्तों ने बताया है कि रामझर महादेव की प्रतिमा बहुत ही आकर्षक व चमत्कारी हैं यह एक हजार वर्ष से भी अधिक पुरानी प्रतिमा है। यहां दर्शन करने मात्र से ही भक्तों की मनोवांछित मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती है। शिवभक्तों द्वारा लगाए गए जयकारे से शिवालय गूंजता रहा। दिन भर ग्रामीण क्षेत्रों से भक्तों की टोलियां पहुंची। मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से चौकी प्रभारी गोपाल तनान अपनी पुलिस टीम के साथ ही चोकीदार और मंदिर समिति के सदस्य तैनात रहे। मंदिर गर्भगृह, मंदिर परिसर, वाहन पार्किंग से लेकर नदी (घाट) तक जीरन थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी गोपाल तनान की मोजुदगी में 40 पुलिस जवान अलग- अलग चयनित पाइंट पर पूरी तरह से पुलिस जवान मुस्तैद रही। वहीं आने वाली कांवड़ यात्राओं के साथ सुरक्षा दृष्टि से तैनात पुलिस जवान कांवड़ यात्रा को फोलो कर रहे दिखे। अंचल भर से अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्र से पैदल डिजे,बैण्ड बाजों एवं ढोल धमाकों के साथ बड़ी संख्या में कांवड़िए कंधे पर कावड़ लेकर एवं साथ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते झूमते हुए बाबा के दरबार पहुंचे जहां पर मंदिर समिति के अध्यक्ष केशुराम जाट, सचिव तरुण सगरावत पदाधिकारी द्वारा तिलक लगाकर फूल मालाओं से स्वागत सत्कार किया।।