जावद। गंगोत्री धाम से जावद के लिए निकली पैदल डाक कावड़ यात्रा का मंगलवार को नगर आगमन में आगमन होगा। इस दौरान नगर प्रवेश करते ही कावड़ियों का स्वागत किया जाएगा। भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार महंत श्री हरिओम गिरी जी महाराज के सान्निध्य में मां गंगोत्री धाम से जावद तक (1400 किलोमीटर दूरी से पैदल) डाक कावड़ यात्रा दिनांक 6 अगस्त मंगलवार को जावद आएगी। साथ ही भव्य स्वागत होगा। इस मौके पर मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद क्षेत्रीय गौ रक्षा प्रमुख मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ सोहन विश्वकर्मा की उपस्थिति में 6 अगस्त मंगलवार को समय प्रातः 10 बजे बस स्टैंड स्थित श्री बटकेश्वर महादेव मंदिर से ढोल-ढमाकों की थाप पर नगर में गंगोत्री से लाए गए जल की शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा बटेश्वर महादेव मंदिर से श्री परकोटा हनुमान मंदिर, लक्ष्मीनाथ मार्ग, लक्ष्मीनाथ चौक, माणक चौक, कंठाल चौराहा, खुर्रा चौक, अठाना दरवाजा सिलावटी मोहल्ला, बोहरा गली, खारी बावड़ी, बावल दरवाजा, कन्या शाला स्कूल, जौगणिया माता चौराहा, धानमंडी, सराफा बाजार, लक्ष्मीनाथ चौक से बटेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचेगी। जहां विधिविधान से महादेव की पूजा अर्चना कर गंगा जल से अभिषेक किया जाएगा। साथ ही प्रसादी का वितरण भी होगा। शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह भव्य स्वागत होगा।