नीमच। दिलीप बिल्डकॉन कंपनी लिमिटेड डीबीएल द्वारा नीमच जिले के गांव बैंसला में बस्सी ब्लॉक तक किसानों की खेती भूमि के बीच से होकर पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। बैंसला के किसानों ने इस बारे में जिला कलेक्टर को शिकायत करके कहा है कि यह काम नियमों के विरुद्ध और किसानों की अनुमति के बिना किया गया है। ग्राम पंचायत से भी अनुमति नहीं ली गई। मनमाने ढंग से और धमका कर किसानों की निजी कृषि भूमि के बीच से पाइप लाइन बिछाई गई है। पाइप लाइन बिछाने के बाद कृषि भूमि को यथा स्थिति में भी नहीं लाया गया है।
किसानों का कहना है कि बारिश के मौसम में पानी गिरने से कृषि भूमि में गड्ढे नुमा बड़े-बड़े नाले हो गए हैं और फसल बोने के लिए अनुकूल स्थिति नहीं बची है। जिस कारण किसान इस वर्ष अपने खेतों में फसलों की बुआई तक नहीं कर पाए है। गांव के किसानों द्वारा कलेक्टर से मांग की गई है कि डीबीएल कंपनी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाए और किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा किया जाए।