चीताखेडा। समीपस्थ अमावली जागीर पंचायत क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के पास स्थित कछुआ महादेव के नाम से प्रसिद्ध स्थल पर श्रावण मास के अवसर पर प्रत्येक सोमवार को क्षेत्रवासियों द्वारा ढोलक, हारमोनियम और आर्गेनिक, मजिरांे के संगीत की स्वरलहरियों पर दिनभर से आधी रात तक सुमधुर भजन किर्तनों का शानदार आयोजन किया जा रहा है। जहां सावन सोमवार को भी भक्तों ने दिनभर एक से बढ़कर एक निर्गुणी भजनों की प्रस्तुतियों की स्वरलहरियों पर खूब ठुमके लगाए। भक्तों ने भंडारे में सैकड़ों की संख्या में पहुंचकर महाप्रसादी प्राप्त की।
कछुआ महादेव मंदिर पर सावन माह के प्रत्येक सोमवार को भण्डारे का आयोजन भी किया जा रहा है। भण्डारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण की। भंडारा सुबह प्रारंभ हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा। कछुआ महादेव मंदिर पर दर्शन करने आने वाले वरिष्ठ गणमान्य जनों का मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने माला पहनाकर स्वागत किया गया है। सभी ने कछुआ महादेव के दिव्य दर्शन कर अभिषेक कर पूजा अर्चना की। महादेव के दिव्य दर्शन हेतु शहर एवं ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कछुआ महादेव पहुंचकर दिव्य दर्शन कर अभिषेक तथा पाठ पूजा कर पुण्य लाभ लिया। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं।