चित्तौड़गढ़। न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड, भारत की एक प्रमुख निर्माण सामग्री कंपनी ने चित्तौड़गढ़ स्थित सीमेंट प्लांट द्वारा एक सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड भारत में पांचवां सबसे बड़ा सीमेंट समूह है और पूर्वी भारत में अग्रणी सीमेंट कंपनियों में से एक है। इस कार्यक्रम के दौरान राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक तंवर मुख्य अतिथि के रूप में अपनी टीम के साथ मौजूद थे। सयंत्र के संचालन प्रमुख शीतल बिसेन द्वारा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत किया। सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान सयंत्र प्रबंधक कमेटी के समस्त सदस्य मौजूद थे। इस दौरान दीपक तंवर ने प्रशासन द्वारा दिए गए वृक्षारोपण के लक्ष्य की जानकारी ली। सयंत्र की पर्यावरण प्रबंधक भारती पुरोहित ने बताया कि प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष के लिए न्युवोको के सीमेंट प्लांट को 10 हजार पौधें लगाने का लक्ष्य दिया गया था एवं उस लक्ष्य को पूरा करते हुए सीमेंट प्लांट ने लक्ष्य से भी ज्यादा 11 हजार 182 पौधों का पौधारोपण किया है। इसी क्रम में न्युवोको सीमेंट प्लांट प्रमुख जितेन्द्र जैन ने मुख्य अतिथि तंवर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि न्युवोको प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के प्रति समर्पित है तथा भविष्य में भी इसके प्रति अग्रसर रहेगा। अपनी टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्होंने सबको अपना धन्यवाद् व्यक्त किया।