चित्तौड़गढ़। युवा बेरोजगार संघर्ष समिति द्वारा छः सूत्रीय मांग को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया है। समिति के अध्यक्ष योगेश दशोरा ने बताया कि चित्तौड़ औद्योगिक हब कहा जाता है लेकिन फिर भी स्थानीय युवाओं में बेरोजगारी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। युवा दर-दर भटक रहा हैं, अपना जीवन खराब कर रहा है। समिति प्रशासन से मांग करती है कि एक ऐसी पॉलिसी का निर्माण हो जिसमें स्थानीय रोजगार को वृद्धि मिले एवं तीसरे व्यक्ति की मध्यस्थता समाप्त हो।
इसी क्रम में फैक्ट्रियों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण के खिलाफ भी त्वरित कार्यवाही हो एवं जेरोसाइट नामक हानिकारक पदार्थ जो चारों और फिकवाया गया है, उसे वापस उठवाया जाए।
महामंत्री पवन गोस्वामी ने बताया कि किस प्रकार कंपनियों में करोड़ों का सीएसआर फंड होते हुए भी आसपास के क्षेत्र में वांछित विकास देखने को नहीं मिला। इसलिए एक ऐसी कमेटी का निर्माण हो जिससे सीएसआर फंड का वास्तविकता में उचित क्षेत्र में उचित स्थान पर उपयोग हो सके।
दुर्घटना में मानव क्षति पर पॉलिसी का निर्माण हो जिससे मौताना परंपरा बंद हो, महिला स्वरोजगार हेतु ब्याज मुक्त ऋण तथा किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किए जावे जिससे खेती को बढ़ावा मिले। समिति द्वारा चेतावनी दी गई कि यदि तीन दिवस में अपशिष्ट पुनः नहीं उठवाया जाता है तो समिति द्वारा एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी तथा शेष मांगों के लिए भी जन जागरण अभियान चलाया जाएगा।