नीमच। जिले में कोरोना काल के दौरान अपनी जान दांव पर लगाकर जन सेवा करने वाले कोविड-19 स्वास्थ्य कर्मचारी आज बुधवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। जहां इन्होंने नारेबाजी करते हुए कोविड-19 चिकित्सक संघ मध्यप्रदेश के बैनर तले प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और स्वास्थ्य एवं मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों से आए कोरोना कल के दौरान स्वास्थ्य सेवा देने वाले चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
ज्ञापन के माध्यम से कोविड-19 स्वास्थ्य कर्मचारियों और चिकित्सकों ने बताया कि कोरोना काल के समय उन्होंने जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 दिन तक काम करने वालों को संविदा नियुक्ति दिए जाने की बात कही थी। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें संविदा संविलियन करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक उनकी मांगों को लेकर कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है। उनकी मांग है कि जल्द सभी कोविड-19 स्वास्थ्य कर्मचारियों और चिकित्सकों को संविदा नियुक्त दी जाए।