भोपाल। श्रावण मास के 19 वें दिन मां भवानी शिव हनुमान मंदिर सुभाष नगर भोपाल में नागपंचमी का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया गया। यहां चल रहे पार्थिव शिवलिंग निर्माण के तहत श्रद्धालुओं ने नागेश्वर ज्योतिर्लिंग का निर्माण कर पूजन एवं अभिषेक किया। इसके साथ ही अन्य ज्योतिर्लिंग का भी अभिषेक व पूजन किया गया।
इस मौके पर महिलाओं ने नाग देवता की प्रतिमा को दूध पिलाया, अभिषेक किया गया। इसके बाद ओम नमः शिवाय का जाप करते हुए पूजन अर्चना की। अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि अभी तक मंदिर में 215000 पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर अभिषेक किया गया है। यहां प्रतिदिन पंडित अनिल दुबे द्वारा विधि विधान से पूजन करवाया जाता है। यह क्रम निरंतर 19 अगस्त तक चलेगा।
मंदिर समिति के सदस्य राम रतन बघेल, प्रेम नारायण कपूर, धीरेंद्र सिंह चौहान, मनोज राजपूत, दिनेश ठाकुर, श्रीकांत अवस्थी, कृष्णपाल सिंह परिहार, दिलीप सिंह परिहार ने लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ लें।