नीमच। जिले में जीरन तहसील के गांव सिमखेड़ा की नदी में एक 25 वर्षीय विधवा महिला की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है। घटना की सूचना से गांव में मातम पसर गया। घटना दोपहर ढाई बजे करीब की बताई जा रही है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार निर्मला ओड़ पिता मांगीलाल गांव की नदी में कपड़े धोने और नहाने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। चुंकि निर्मला को तैरना नहीं आता था, और वह डूब गई। इस दौरान घटनास्थल पर निर्मला की नन्हीं बच्ची परी के अलावा कोई मौजूद नहीं था। बच्ची ने दौड़कर तुरंत अपने नाना नानी को सूचना दी। तब तक निर्मला की डूबने से मौत हो चुकी थी। निर्मला के शव को हंड्रेड डायल के माध्यम से नीमच के जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां पर शव मोर्चरी में रखा गया है। निर्मला के पति सोनू की 3 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। जीरन पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।