झालावाड़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के नेतृत्व में राजकीय विजयाराजे सिंधिया खेल संकुल झालावाड़ से मिनी सचिवालय तक तिरंगा रैली (मेराथॉन) का आयोजन किया गया।
तिरंगा रैली को जिला कलक्टर की पहल पर राजकीय विद्यालय के छात्र द्वारा हरी झण्डी दिखाकर खेल संकुल से रवाना किया गया। रैली में आगे-आगे जिला कलक्टर के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं आमजन हाथों में तिरंगा लिए ‘‘भारत की माता की जय’’ एवं ‘‘वन्दे मातरम्’’ के नारे लगाते हुए जोश व उमंग के साथ चल रहे थे। रैली के माध्यम से उक्त अभियान के तहत घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस को हमें जोश व उमंग के साथ मनाना चाहिए। इस पर्व पर सम्पूर्ण देश में देशभक्ति का माहौल बनाने के लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी से आगामी 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों व कार्यालयों में तिरंगा फहराने की अपील की।
रैली खेल संकुल से सुभाष सर्किल, मोटर गैराज, बड़ा बाजार, गढ परिसर, मंगलपुरा चौराहा, मंगलपुरा टेक, मूर्ति चौराहा, मामा-भांजा चौराहा होते हुए मिनी सचिवालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली में पीटीएस के जवान, राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं, महिला शिक्षण विहार की छात्राओं सहित जिला स्तरीय अधिकारी व आमजन ने भी भाग लिया। इस दौरान खेल संकुल में लगाए गए बैनर पर जिला कलक्टर सहित सभी अधिकारियों एवं आमजन ने हस्ताक्षर कर ‘‘हर घर तिरंगा अभियान में अपना योगदान दिया। इस दौरान जिला कलक्टर द्वारा मिनी सचिवालय में उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति अभियान के तहत स्वयं नशा छोड़ने एवं आमजन को इसके लिए जागरूक करने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
इस दौरान हर घर तिरंगा अभियान के सहायक नोडल अधिकारी जीतमल नागर, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हुकुमचन्द मीणा, जिला खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा, जिला रसद अधिकारी जितेन्द्र कुमार, तहसीलदार झालरापाटन नरेन्द्र मीणा, शारीरिक शिक्षक अलीम बेग, सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक सुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में आमजन एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।