मनासा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायसिंहपुरा के ग्राम खेमपुरा में निर्माणधीन मंदिर अचानक से धराशाई हो गया। मंदिर में विराजित हनुमान मूर्ति भी खंडित हो गई ।
दरअसल ग्राम खिमपुरा में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से पुराने समय से विराजित हनुमान जी के स्थान पर नया मंदिर बनाने का निर्माण कार्य चल रहा था। मंदिर निर्माण में लगभग 11 लाख की लगत आई है। मंदिर निर्माण में बाहर से मंगवाए गए महंगे पत्थरों का उपयोग किया जा रहा था। वहीं 12 अगस्त की शाम को अचानक निर्माणाधीन मंदिर धराशाई हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में इसी स्थान पर हनुमान जी का पुराना मंदिर था जिसे ना हटाते हुए उसके ऊपर ही नए मंदिर का नया निर्माण किया जा रहा था जो ठेकेदार की लापरवाही और घटिया निर्माण के चलते पूरा मंदिर गिर गया। जिससे मंदिर में विराजित हनुमान जी की मूर्ति भी खंडित हुई। खिमपुरा रायसिंहपुरा के ग्रामीणजन अल सुबह बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और जैसे-तैसे गिरा हुआ मलबा हटाकर मूर्ति को बाहर निकाला।
ग्राम पंचायत सरपंच विनोद सिंह ने बताया कि ठेकेदार छगनलाल की लापरवाही के कारण मंदिर का घटिया निर्माण किया, जिसके कारण मंदिर गिर गया। जिससे लोगों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। अब दोबारा से मंदिर का नव निर्माण कर मूर्ति की स्थापना की जाएगी। जिसके चलते खर्च भी दोगुना होगा। फिलहाल तो ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। मंदिर का जो पत्थर था वह मथुरा से ठेकेदार के द्वारा ही लाया गया था। ग्रामीणों ने मनासा थाने पर सूचना दी है। मौके पर थाना प्रभारी भी पहुंचे।